बड़ागांव/दैनिक सदय
शासन द्वारा ग्रामीणों के उपचार के लिए गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र खोले गए हैं। इसमें एक महिला एएनएम सहित एक कम्पाउंडर की नियुक्ति की जाती है। बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य अंतर्गत आने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र नयागांव में महीनों से ताला लगा है। कभी-कभार डॉक्टर पहुंचते भी है, तो हाजिरी देकर वहां से आ जाते। ऐसे में अब मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पेट दर्द, बुखार और छोटी-छोटी बीमारियों को लेकर उन्हें बड़ागांव या फिर टीकमगढ़ जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया है कि यहां सरकार की योजना से अस्पताल तो बनाया गया है, लेकिन वह जिस दिन से बना है। मुश्किल से ही 10 दिन खुला हो। यहां पदस्थ एएनएम और कंपाउंडर कभी देखने को ही नहीं मिलते हैं।
नयागांव के निवासी अतुल राय, जाहर सिंह, नत्थूराम अहिरवार ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र नयागांव में लगभग 15 साल से एक ही एएनएम रामकली कुशवाहा पदस्थ है जो कभी-कभी गांव में आती है। केंद्र की साफ-सफाई भी कई सालों से नहीं की गई है। ग्रामीणों ने नवागत कलेक्टर हर्षिका सिंह से उप स्वास्थ्य केंद्र नयागांव का निरीक्षण कर वहां पदस्थ एएनएम को हटाने की गुहार लगाई है। बीएमओ डॉ. प्रशांत जैन का कहना है कि मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा और ग्रामीणों से जानकारी ली जाएगी। अगर इस तरह से उप स्वास्थ्य केंद्र में हालात है तो कार्रवाई होगी।
उप स्वास्थ्य केंद्र नयागांव में महीनों से ताला लगा है